Total Pageviews

Showing posts with label संजीव परसाई. Show all posts
Showing posts with label संजीव परसाई. Show all posts

Sunday, May 4, 2025

व्यंग्य - कौन जात के हो बेटा


अभी कोई पन्द्रह सोलह साल पुरानी बात है। संकट का समय था। किसी ने एक ज्योतिष का बताया, उनसे मिलो कोई न कोई रास्ता निकलेगा। कुंडली थी नहीं। नाम और तारीख पूछा सो बता दिया। पूरा नाम पूछा, परसाई सुनकर अचकचा गए। हिचकते हुए पूछे - वो तो ठीक है, कौन जात हो बेटा? 

ब्राह्मण सुनकर उनको आश्चर्य हुआ, फिर बात हरिशंकर परसाई जी की भी आई। क्या वो भी ब्राह्मण थे, हमने हां कहा तो। सीधे सीधे हमको पढ़ने लिखने के काम में हाथ आजमाने की सलाह दे दी। कुल मिलाकर एक सौ एक रुपए में हमें वो बात पता चली, जो हमें मालूम थी। लेकिन उसे ये बात पता चली कि परसाई, जात के ब्राह्मण होते हैं। बात ये भी है, कि ये सौभाग्य किसी जोशी को प्राप्त नहीं है। कोई जोशी को देख ज्योतिष ये नहीं कहता जोशी जी, क्या आप शरद जोशी के परिवार से हैं या पढ़ने लिखने से वास्ता होगा। उस सुभीता सिर्फ परसाईयों को ही प्राप्त है। मैने कई जोशी ऐसे ऐसे काम करते भी देखे हैं, जो उनको क्या किसी को नहीं करना चाहिए।

ये अब भी जारी है। जात या सरनेम सुनकर, उसको किसी से पहचान से जोड़ना हमारी परंपरा है। ब्राह्मण ज्ञानी भीरू, लाला कंजूस, बनिया मक्खीचूस, ठाकुर गुस्सैल, राजपूत ताकतवर जैसे कई उपमाएं हमारे समय ने जोड़ रखी हैं। सरकार जाति जनगणना करवा रही है। हो सकता है, सरकार वहीं तय कर दे कि कंजूसों को आय का अधिकार नहीं देना है। जो पहले से ज्ञानी हैं उनको शिक्षा से दूर कर समाज का भला हो जाए। ठाकुर, राजपूत को सीधे सेना और पुलिस में घुसा दें। बचे दलित और आदिवासी उनको सरकारी नौकरी करवाओ। लो हो गया सामाजिक न्याय।
जात पांत पूछना वैसे तो बड़ा घटिया काम है, लेकिन एक समय था जब ये खुल के होता था। हमारी बुआ थीं, बहुत धार्मिक और सिद्धांतवादी। कोई अंजान घर आता, तो वे बड़े प्यार से पूछतीं, कौन जात हो बेटा?? घर हो, बस हो, ट्रेन हो। वे जात पूछकर तस्दीक कर लेती। दिल की बुरी नहीं थीं, कोई ब्राह्मण भी मिल जाता तो उससे भी पूछतीं कौन से ब्राह्मण हो? फिर वो कान्यकुब्ज, सनाढ्य या जो भी बताए, उससे कहतीं आजकल तुम औरों के मोड़ा मांस मच्छी खा रहे, दारू पी रहे। वो बगलें झांकते।
अब ये सब सरकार पूछेगी। सो बुरा मानने की बात नहीं है। अब सरकार आपकी और आपकी जात के लोगों की कुंडली खंगालेगी। बाह्मण, बनिया, ठाकुर, कायस्थ, कुमावत, दलित आदि अपनी गिनती जान सकेंगे। सबसे बड़ी उपलब्धि मुस्लिम, ईसाई, सिख धर्मों की जातियां होंगी। जात के नाम पर हिंदुओं को बहुत सुनाया गया। अब पता चलेगा, कि अंतिम पंक्ति के लोगों से सब धर्मों का सलूक एक सा है। भारत के इतिहास में अब तक सिर्फ धर्म बदले जाते हैं। मुसलमान हिन्दू बन जाता है, हिंदू भी मुसलमान बन सकता है। जाटव दस सिर का भी हो जाए तो वो लाला, मिश्रा या ठाकुर नहीं बन सकता। इसी तरह पिंजारा, जुलाहा, शेख या सैयद बनने की जिद पकड़ ले तो कोई मौलवी उसकी मदद नहीं करेगा। 

जातिगत के आधार पर भेदभाव का एक जमाने में सामान्यीकरण हो गया था, अब समाज ने उसपर फ़लालेन का आवरण डाल रखा है। बहरहाल अब सरकार जात की गिनती करेगी, सो हो सकता है सालों से अंदर ही अंदर घुमड़ रहा मवाद बाहर आए, और समाज का अंतर शुद्धिकरण हो।

जय जय..

Sanjeev Persai 

#भोपाल_टॉकीज #Bhopal_talkies #hindibooks #hindi

Wednesday, November 2, 2016

किस्म-किस्म के खूंटे...

(संजीव परसाई) एक बड़े राजनीतिक दल का एक छोटा कार्यकर्ता अक्सर मेरे पास आता था। उसका लक्ष्य अपने अतिरिक्त समय के जरिए मेरा मूल्यवान समय खराब करना होता है। हमसे राजनीती में आगे बढ़ने के लिए सलाह मांग रहा था, सो एक दोहा सुनाया -

चलती चाकी देख के, हंसा कमाल ठठाय  ।
जो खूँटे से लग रहा, कबहूँ न पिसा जाए   ।।

इस दोहे को समझने के बाद उसकी सत्ता में पूछ-परख क्या बढ़ी वह हमें गुरू मान बैठा। उसके अपने खूँटे, जिन्हें वह भाईसाब कहकर संबोधित करता था, के प्रति अगाध श्रृद्धा थी। सत्ता की धुरी से चिपक कर रहने की कला वह समझ चुका था। सो अल सुबह तैयार होकर झक्क कुरता पहन भाई साब के दरबार में जाता. भाई साब को बाहर  का पानी भी न पीने देता, अपने साथ आरओ का पानी हमेशा रखता और उनसे एक कदम पीछे चलता. प्रतिदिन भाईसाब के अंदाज की फटे तक तारीफ़ करना, उनके स्टाइल पर मर मिटना, उनके मनगढंत किस्सों को चबा-चबाकर सुनाना उसका रोज का काम था। इन शार्ट वो समझ गया था कि इस बड़े खूंटे के सहारे एक दिन वह भी खूंटा समाज में प्रतिष्ठा प्राप्त करेगा.

भारतीय राजनीति में खूंटों का बड़ा महत्व है. राजनैतिक आका खूंटों को खास तबज्जो देते हैं, ताकि  उनके सहारे बेकाबू कार्यकर्ताओं की रास बाँधी जा सके. हर दल के अपने अपने खूंटे हैं, कोई बड़ा है तो कोई छोटा है, लेकिन हर अपने आप में विशिष्ट और महत्त्वपूर्ण है. मेरे मोहल्ले में एक खूंटा रहता है सुबह से दो अखबार और दो कुर्सी लेकर बैठ जाता, अखबार के बगल से झाँक कर खाली पड़ी कुर्सी को देखता, हर आने जाने वाला व्यक्ति उसे नमस्कार करता हुआ सा प्रतीत होता. चाय का लोभ दिखाकर कुर्सी पर लोगों को बिठाता है, फिर अपनी रसूखगाथा सुनाता.

भारतीय राजनीति में खूंटा संस्कृति प्राचीन काल से है, सबसे बड़े खूंटे स्वतंत्रता सेनानी थे, जो पूरे देश की रास मजबूती से बांधे रखते थे, वो मजबूत होने के साथ गहरे तक गड़े होते थे. आज के खूंटे चाइनीज हैं, जो न तो मजबूत हैं न ही गहरे तक होते है. कमजोर इतने की जरा से जोर से चूर चूर हो जाते हैं और उथले इतने की हलके से झटके से निकल कर बाहर हो जाते हैं. धन-दौलत वाले अपने से कमजोर और दीनहीन कार्यकर्ताओं की रास बांधते हैं. जिनके पास चार पैसे आ जाते हैं वो खुद खूंटा बनने की दौड़ में लग जाते है.
कुछ खूंटे विश्वसनीय होने के कारण सालों साल चलते हैं, भारतीय राजनीती में अदला बदली का भी रिवाज है. चुनाव के वक्त अपने बंधे बंधाये कार्यकर्ताओं के साथ दल-बदल कर लेते हैं. ये खरीदने-बिकने को भी तत्पर होते हैं. ये राजनीति के स्थानीय डीलर सरीखे होते हैं.  ये भाई साहब, दाऊ साहब, दद्दा, चाचा जी, बाबूजी आदि नामों से जाने जाते हैं. पुराने राजा रजवाड़े स्थापित खूंटे हैं जो पीढ़ियों से रास थामें बैठे हैं लोग उन्हें राजा साहब, हुजुर, दरबार साहब आदि नामों से पुकारते है.
राजधानी में खूंटों के डीलर होते है, उनके एजेंट कस्बे से गाँव तक फैले हैं. ये अपने ऊपर कोई रंग नहीं चढाते ग्राहक की मांग और जरुरत के हिसाब से माल तैयार करते हैं. बदलते हुए राजनैतिक वातावरण में इन खूंटों की जरुरत बढ़ती जा रही है, अब राजनीति से इतर इनके कई उपयोग हैं. धरना प्रदर्शन से लेकर सोशल मीडिया कैम्पेन तक चला सकते है. किसी फिल्म का विरोध कराना हो, कालिख फिकवाना हो, देशद्रोही कहलवाना हो, पुतले जलवाना हो, घर पर हमला करवाना हो, पाकिस्तान को कोसना हो, आदि कामों के लिए ये खूंटे हमेशा तैयार होते है. खूंटों की काबिलियत के अनुसार उनका प्रमोशन भी होता है. वे बड़े खूंटे बनकर राजनीति को सुशोभित कर सकते हैं या फिर किसी नेता के घर पर दीवार की खूंटी बनकर अपना परलोक सुधार सकते हैं.

Friday, September 11, 2015

ताख में रखे सिद्धांत...

- संजीव परसाई 
वैसे तो सिद्धांतों की कोई कीमत नहीं रही है लेकिन इसका झुनझुना बहुत बजाया जा रहा है। कुछ लोग सिद्धांतों की फेरी लेकर द्वारे द्वारे घूम रहे हैं। ले लो सिद्धांत ले लो....बडे़, छोटे, पतले, मोटे काम-बेकाम के सिद्धांत टके सेर ले लो। एक टीवी चैनल का मालिक सिद्धांतों की ढपली लेकर इतवार को गाना सुनाता है। सोमवार को उसका न्यूज एडीटर रिश्वत मांगने के आरोप में धर लिया जाता है। एक अखबार मालिक ने अपने अखबार को सिद्धांत और ज्ञान का बाजा बना रखा है। वे सरकारों और नेताओं को सिद्धांतों का ज्ञान बांट रहे थे। सिद्धांतों को लेकर वे सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे थे। अचानक खबर आई कि वे असल में सरकार से अपने लिए प्राइम लोकेशन की जमीन टके रेट से चाह रहे थे। फिलहाल उन्होंने सिद्धांतों को ताख में रखा हुआ है। जमीन की फाइल प्रचलन में है।
आम आदमी ने अपने सिद्धांत पाल रखे हैं। असल में वह इनके पालन के लिए अभिशप्त है। उसे लगता है कि वोट देकर उसने लोकतंत्र को खरीद लिया है। सरकार से नाली-खडंजा साफ करवाने से लेकर लड़के की नौकरी तक चाहता है। उसे हर सुविधा कम कीमत पर या मुफ्त में चाहिए। उसके सिद्धांत समय सुविधा के अनुसार बदलते रहते हैं। जो उसके लतखोर व्यक्तित्व का कारण बनते हैं। अधिकारी वर्ग अपने सिद्धांतों की डफली अलग बजा रहा है। सड़सठ सालों से देश को जागीर की तरह भोगा। जगह-जगह पर सैद्धांतिक अड़ंगे झोंक रखे थे। ये करना है तो ये परमीशन, वो करना है वो परमीशन। इनके सिद्धांत व्यक्ति के अनुसार बदलते रहते हैं। उदाहरण के लिए वीआईपी इलाके में सड़क हफते भर में बनती हैं और बिना खराब हुए सालों चलती हैं। लेकिन आम इलाके में वही सड़क सालों में बनती है और बनते ही खराब भी होने लगती है।
विकास के इस युग में आध्यात्मिक सिद्धांतों की भी खासी मांग है। आध्यात्म के नये नये व्यापारी आजकल बाजार में आकर अपनी दुकान जमा चुके हैं। वे देश की अर्थव्यवस्था में अपनी तरह से  योगदान दे रहे हैं। पूजा पाठ से लेकर मूठ मारने तक के टोटके बाजार में उपलब्ध हैं। इनके पास आपके नरक हो चुके जीवन को पल भर में राजसी बनाने नुस्खे हैं। ये मूलतः तत्वहीनता के सिद्धांत पर काम करते हैं। तू इस संसार में नंगा आया था नंगा ही जाएगा, जो आज तेरा है वो कल किसी और का था, जो तेरे पास है वह सब भगवान का है और वो मैं हूँ। आप समर्पित हो जाइए इन मॉलनुमा संस्थाओं पर। रुपया, पैसा, संपत्ति परेशानी की जड़ है। आप मोह त्यागिए और वो सब हमपर न्यौछावर कर प्रसन्न हो जाइए। बाकी का काम हमारे बिजिनेस माडल पर छोड़ दीजिए।  
सिद्धांतों के बाजार में सबसे प्रभावी उपस्थिति राजनैतिक सिद्धांतों की हैं। आजकल राष्ट्रवादी सिद्धांतों की खासी मांग हैं। सिद्धांतों में राष्ट्रवादी तड़का समय की मांग है। लेकिन रेसिपी आउटडेटेड होने की वजह से इसमें नए जमाने के मसाले घोंटकर परोसा जा रहा है। राष्ट्रवादी सिद्धांतों के कई प्रकार हैं मेरा राष्ट्रवाद, तेरा राष्ट्रवाद, उसका राष्ट्रवाद, पप्पू का और छुटटन का राष्ट्रवाद सब अलग अलग हैं। इन्हें अपने समय और सुविधा के अनुसार परिभाषित किया जा सकता है।
नवउदारवाद की अपार सफलता के बाद स्वच्छतावाद का सिद्धांत बेहद लोकप्रिय हो रहा है। लोग इसे सरकारी सिद्धांत भी मान रहे हैं। सरकार ने स्वच्छता के सिद्धांत को घर घर तक पहुँचाया। जो आज तक कूड़े पर बैठकर सरकार को कोसा करते थे, वे खुद झाड़ू लेकर उसे साफ कर रहे हैं। इस सिद्धांत के परिपालन की प्रथम शर्त है कि झाड़ू लगाते हुए या थामे हुए सोशल मीडिया पर आपकी एक छबि जरूर होना चाहिए। बाकी काम सफाई कामगार कर ही रहे हैं।
हमारे गांव में दलितों का एक समुदाय है। जो अपने अलावा किसी पर भी भरोसा करके धोखा खाने के लिए मशहूर है। वे गांव के पटैल या धन्नासेठ को अपना भाग्यविधाता मानते हैं।  उनके घर के हर महत्वपूर्ण निर्णय पटैल के दरवाजे पर ही होते हैं। वे आपस में बात करते हुए भी कहते हैं कि मेरी बात मान जाओ नही तो अभी जाउं पटैल के द्वारे। रात-विरात पति-पत्नी के झगड़े भी पटैल के दरवाजे जाते हैं।  इसका कारण उनकी वैचारिक अक्षमता नहीं है, वरन सैद्धांतिक मजबूरी है। वे मानते हैं कि पटैल जो कहेंगे या करेंगे वही सही है। यही व्यवस्था देश के राजनीतिक दलों में भी है। हर दल में एक पटैल मौजूद है जो सारे निर्णय करता है। लोकतंत्र को स्थापित रखने के लिए गठित राजनीतिक दलों में आज तक पटैल सिद्धांत कायम है।

सिद्धांत कई हैं, चुनना आपको है। जरूरी है कि अपना स्वयं का सिद्धांत बनाइए और निकल पडें। सिद्धांत को बदलने के लिए तत्पर रहें, सिद्धांतों को लेकर आपका अड़ियल रवैया उपेक्षा का कारण बन सकता है। आपको समझौतावादी कहकर टारगेट किया जाएगा, लेकिन आप इसे समय की आवश्यकता दर्शाकर मुँह ठेल दीजिए। मैंने अपने सिद्धांत अपने औसारे की ताख पर रख छोड़े हैं। जब जरूरत होती है तो उठाकर उपयोग करता हूँ। वरना वहीं सुरक्षित रखे रहते हैं। कम से कम बचे तो हैं। 

Monday, April 26, 2010

सुख की कीमत

एक मूर्तिकार लगातार कई दिनों से जंगल से गुजरने के दौरान एक पेड़ के नीचे पड़े पत्थर पर अपनी थकान मिटाता था. उसे उस पत्थर से जैसे प्यार हो गया था सो उसने सोचा की क्यों इस पत्थर को एक आकार दे दिया जाए जिसे इसका प्रभाव और सम्मान बढ़ जाए, ऐसा विचार करके उसने अपने छैनी और हथोडी उठाकर पहली चोट जैसे ही पत्थर पर मारी पत्थर चीख उठा, ये क्या कर रहे हो मूर्तिकार हतप्रभ रह गया उसने कहा मैं तुम्हें एक ऐसा आकार देना चाहता हूँ जिससे समाज में तुम्हारा सम्मान बढ़ेगा बस थोडा सा कष्ट होगा लेकिन उसके बाद आराम ही आराम होगा . पत्थर ने सोचा की अब समय आया है इस बाजू वाले छोटे पत्थर को मजा चखाने का, बहुत इतराता है .
पत्थर ने कहा - नहीं , मैं इसके लिए तैयार नहीं हूँ अगर तुम्हें ऐसा ही कुछ करना है तो इस बाजू वाले पत्थर पर करो मुझ पर नहीं
मूर्तिकार ने दोबारा पूछा लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ आखिरकार उसने छोटे पत्थर को ही काटकर देवता का स्वरुप दे दिया. अब लोग देवता पर तो फूल आदि चढ़ाकर उसे पूजने लगे और बड़े पत्थर पर नारियल फोड़ने लगे
मोस - हर सुख की कीमत चुकानी पड़ती है.